जंगल बुक पार्ट 2

चील से मदद

हिंदी अनुवाद

अजय आनंद

थोड़ी देर के लिए तो मोगली बहुत डर गया था, फिर उसे गुस्सा आ रहा था। इसके बाद वह अपने आप को बंदरों के चंगुल से छुड़ाने के बारे में सोचने लगा। मोगली का दिमाग तेजी से काम कर रहा था। उसने सोचा कि जितनी जल्दी हो सके बघीरा और बलू तक उसका संदेश पहुँचना चाहिए। क्योंकि बंदर लोग जितनी तेजी से आगे बढ़ रहे थे, उनसे रेस लगाना मोगली के दोस्तों के लिए संभव नहीं था।


Jungle Scene

नीचे देखने पर जंगल की हरी छत के अलावा कुछ नहीं दिखता था इसलिए नीचे देखना बेकार था। मोगली ने ऊपर आसमान की ओर देखा। उसे नीले आसमान में चील उड़ती हुई दिखाई पड़ी। वह बड़ी शान से हवा पर तैर रही थी और किसी मरे हुए जानवर को ढ़ूँढ़ रही थी।

चील ने देखा कि बंदर किसी चीज को ढ़ोते हुए लिए जा रहे थे। चील ने कुछ सौ गज का गोता लगाया ताकि यह देख सके कि बंदर कोई खाने की चीज तो नहीं ले जा रहे। लेकिन जब चील ने देखा कि बंदर तो मोगली को घसीटते हुए लिए जा रहे थे तो चील की चीत्कार निकल गई।

मोगली चील की ओर देखकर बोल रहा था, तुम्हारा और मेरा एक ही खून है। डालियों के हिलने से वह बच्चा चील की नजरों से छिप गया लेकिन चील ने कलाबाजी करते हुए फिर से उसे देखने की कोशिश की।

मोगली चिल्ला रहा था, मेरे रास्ते के बारे में जल्दी से जाकर बलू और बघीरा को बता दो। बलू जो सियोनी के झुण्ड में रहता है। बघीरा जो सभा वाली पहाड़ी पर जाया करता है।

चील ने मोगली के बारे काफी कुछ सुना था लेकिन उसे आज तक देखा नहीं था। उसने पूछा, अपना नाम तो बताओ, मेरे भाई।

मेरा नाम मोगली है। वे मुझे इंसान का बच्चा कहते हैं। जाओ उन्हें मेरे रास्ते के बारे में बताओ। जल्दी।

मोगली के आखिरी शब्द से दर्द भरी कराह निकली क्योंकि तब बंदर उसे हवा में जोर से झुला रहे थे। चील ने अपना सिर हिलाया और आसमान में इतना ऊँचा उड़ गई कि अब वह एक काली बिंदु जैसी नजर आ रही थी। चील अधिकतम ऊँचाई पर उड़ रही थी। वह अपनी दूरबीन जैसी तेज नजर से जंगल की छत का दूर-दूर तक मुआयना कर रही थी। इस बीच बंदर लोग तेजी से आगे बढ़ रहे थे।

चील मन ही मन में मुसकरा रही थी और सोच रही थी, वे अधिक दूर तक नहीं जा पाएंगे। बंदर कभी भी किसी काम को पूरा नहीं करते बल्कि बीच में ही छोड़ देते हैं। ये हमेशा ही कुछ नया करने की कोशिश करते हैं। यदि मेरी नजर वाकई में तेज है तो मुझे इनके लिये मुसीबत ही दिखाई देती है। इनको शायद पता नहीं है कि बलू और बघीरा उनमे से नहीं हैं जि केवल मेमने का शिकार कर पाते हैं। इसके बाद चील अपने पंख फैलाते हुए आगे उड़ चली।